5 Symptoms: Protein deficiency in the body

5 लक्षण: शरीर में प्रोटीन की कमी

प्रोटीन हमारे शरीर के विकास और उसे ठीक रखने के लिए बेहद ज़रूरी होता है। यह हमारी मांसपेशियों के निर्माण, एंजाइम और हार्मोन के उत्पादन, और कोशिकाओं (सेल्स) के पूर्ण रूप से कार्य कराने के लिए बहुत आवश्यक है।

प्रोटीन ऊर्जा (एनर्जी) का भी एक महत्वपूर्ण स्रोत होता है और शरीर की इम्युनिटी सिस्टम (प्रतिरक्षा प्रणाली)  को मजबूत करता है। आसान शब्दों में कहें तो डेली प्रोटीन युक्त आहार लेना हमारे शरीर की सबसे मुख्य आवश्यकताओं में से एक है।

शरीर में प्रोटीन की कमी होना, हमारे शरीर और स्वास्थ्य के लिए खतरनाक साबित हो सकता है। शरीर में प्रोटीन की कमी के कारण मांसपेशियां कमज़ोर और खराब हो सकती हैं, साथ ही इम्युनिटी कमज़ोर हो जाती है। यह एक स्वस्थ जीवन के लिए बहुत हानिकारक हो सकता है।

आइये इस लेख में जानते हैं, ऐसे 5 लक्षणों के बारे में जिनसे आप पता लगा सकते हैं कि आपके शरीर में प्रोटीन की कमी है।

शरीर में थकान और एनर्जी की कमी

प्रोटीन, कार्य करने के लिए शरीर को आवश्यक एनर्जी देता है। इसके लिए रोज़ाना की डाइट में प्रोटीन लेना बहुत ज़रूरी होता है। यदि शरीर बहुत थोड़ा काम करने के बाद ही थक जाता है और बचे कार्य करने के लिए ऊर्जा नहीं बचती तो यह प्रोटीन की कमी के कारण हो सकता है। लगातार हाथ पैरों में कमज़ोरी रहना इसका एक प्रमुख लक्षण है। प्रोटीन की कमी से एनीमिया भी हो सकता है।

बालों का तेज़ी से झड़ना

बालों का निर्माण प्रोटीन से बने केराटिन से होता है। इसीलिए मज़बूत और शाइनी बालों के लिए प्रोटीन बहुत ज़रूरी होता है। यदि आपके बाल कमज़ोर होकर तेज़ी से झड़ रहे हों तो ये शरीर में प्रोटीन की कमी के कारण हो सकता है।

नाख़ून को कमज़ोर होना और आसानी से टूटना

बालों के साथ साथ  प्रोटीन से बने केराटिन से ही नाखूनों का निर्माण होता है। यदि आपके नाख़ून तेज़ी से टूट रहे हैं या कमज़ोर हो रहे हैं तो यह प्रोटीन की कमी के कारण हो सकता है।

मांसपेशियां कमज़ोर होना

हमारी मांसपेशियां शरीर में प्रोटीन का सबसे बड़ा भण्डार होती हैं। अगर शरीर में प्रोटीन की कमी हो जाये तो मांपेशियों में दर्द होता है और यहाँ तक की वे टूटना भी शुरू कर सकती हैं।

पैरों, टखनों में दर्द या सूजन

प्रोटीन की कमी से एडिमा (Edema) नाम की बीमारी हो सकती है। इस बीमारी में शरीर के अंदर द्रव का निर्माण होता है, जिससे टखनों, पैरों में सूजन आ जाती है। इस बीमारी में वजन बढ़ने और सांस फूलने की शिकायत भी होती है।

निष्कर्ष

प्रोटीन हमारे शरीर को एनर्जी पहुंचाने और रोज़ाना के काम करने के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। अगर आपके शरीर में प्रोटीन की कमी है तो हाई प्रोटीन रिच फूड्स अपनी डेली डाइट में शामिल कर प्रोटीन की कमी पूरी कर सकते हैं। साथ ही स्वस्थ शरीर के लिए हेल्दी लाइफस्टाइल और व्यायाम करना भी बहुत ज़रूरी है। इसीलिए पर्याप्त मात्रा में डेली प्रोटीन का सेवन करें और शरीर को स्वस्थ रखें।

 

Back to blog